राधाजी की मां का सरोवर ‘कीर्ति कुंड’

बरसाना में वृषभानु कुंड के बगल में स्थित राधाजी की माँ कीर्ति महारानी का कीर्ति कुंड

राधाजी की मां हैं कीर्ति महारानी। कीर्ति महारानी के नाम से बरसाना में कुछेक निशानियां हैं। जैसे वृषभानु जी मन्दिर में कीर्ति महारानी के विग्रह के दर्शन किये जा सकते हैं। जगद्गुरू कृपालु महाराज के स्थानीय आश्रम रंगीली महल में कीर्ति महारानी का मन्दिर निर्माणाधीन है। इस वर्ष बसन्त पंचमी से इस मंदिर में सेवा-पूजा का क्रम शुरू हो जाएगा।

इन्हीं कीर्ति महारानी के नाम से एक कुंड यानी सरोवर भी बरसाना में है। कीर्ति महारानी के इस सरोवर को कीर्ति कुंड कहा जाता है। यह स्थान वर्तमान में अत्यंत उपेक्षित है। जिस वजह से लोगों का ध्यान इसकी ओर नहीं जा पाता है।

कीर्ति कुंड का पौराणिक संदर्भ

इस कीर्ति सरोवर की महत्ता का उल्लेख ब्रज भक्ति विलास में कुछ इस तरह मिलता है।

कीर्तिश्च यत्र गोपिभिः सह स्नानं समाचरेत।

सौभाग्यसुतधान्यादिसुखमान्प्रोति मानवः।।

यतो कीर्तिसरः ख्यातं सकलेष्टप्रदायकं।

अर्थात कीर्ति देवी, जहां गोपियों के साथ नित्य स्नान करती थीं, वह कीर्तिदा सरोवर है। सौभाग्य, सुत, धनादि सुख और समस्त मनोरथ प्रदान करने वाला है।

कीर्ति कुंड की उपासना का मंत्र

ब्रज भक्ति विलास ग्रंथ में ही इस सरोवर में स्नान-आचमन की प्रार्थना का मंत्र भी मिलता है।

नमः कीर्ति महाभागे सर्वेषां गोब्रजौकषां।

सर्वसौभाग्यदे तीर्थे सुकीर्तिसरसे नमः।।

अर्थात हे महाभागा कीर्ति ! वृषभानु गोप एवं सब ब्रजवासियों को समस्त सौभाग्य प्रदान करने वाले ! हे कीर्ति सरोवर ! आपको नमस्कार है।

बरसाना का कीर्ति कुंड जहां पहुंचने के हर रास्ते और कुंड के घाटों तक पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है।

वृषभानु कुंड के बगल में है स्थित

यह कीर्ति सरोवर वृषभानु सरोवर के ठीक बगल में है। यह आकार में वृषभानु सरोवर से बहुत छोटा है। दोनों सरोवर एक पुलिया के द्वारा आपस में जुड़े हुए हैं। वृषभानु सरोवर का अक्सर जीर्णोद्धार होता रहता है। उसकी खुदाई कर कीचड़ को निकालने का काम भी गाहे-बगाहे होता रहता है। जिसके कारण वृषभानु सरोवर का जल बहुत साफ हालात में रहता है और इसके घाट भी अच्छी दशा में हैं।

बदहाल हो चुका है कुंड

दुर्भाग्यवश कीर्ति सरोवर के मामले में ऐसा नहीं है। इस कुंड को देखकर तरस आता है और वेदना होती है। ब्रज की आराध्या राधाजी की माँ का यह सरोवर एक कीचड़ का तालाब बन कर रह गया है। इस कीर्ति सरोवर के घाट हालांकि पक्के हैं फिर भी उन पर झाड़-झंखाड़ उगे हुए हैं।जिससे इस सरोवर का समूचा सौंदर्य दब कर नष्ट हो गया है। इस सबके अलावा एक बड़ी समस्या है अतिक्रमण की। इस सरोवर के लगभग हर घाट को स्थानीय लोगों ने कब्जा लिया है। जिसके कारण हालात यह हो गई है कि इस सरोवर तक पहुंचना भी बहुत मुश्किल हो गया है। ब्रज के कुंड-सरोवरों के जीर्णोद्धार के लिए अग्रणी भूमिका निभाने किसी भी धर्मप्रेमी समाजसेवी की दृष्टि इस पर नहीं पड़ी है। 

One thought on “राधाजी की मां का सरोवर ‘कीर्ति कुंड’

error: Content is protected !!
%d bloggers like this: